बिजली विभाग की ‘मनमानी’

- मोहनलालगंज में उपभोक्ता का पोस्टपेड से प्रीपेड किया कनेक्शन
- पीएम सूर्यघर योजना की 350 यूनिट बिजली भी विभाग ने की हजम, ऐप पर भेज दिया 3816रूपये का बिल—उपभोक्ता ने ऊर्जा मंत्री तक लगाई गुहार
समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
मोहनलालगंज।राजधानी में बिजली विभाग की कार्यशैली पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मोहनलालगंज क्षेत्र में विभागीय लापरवाही और मनमानी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक उपभोक्ता का कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के पोस्टपेड से प्रीपेड में बदल दिया गया और सीधे 3814 रुपये का बिल थमा दिया गया।
पीड़ित उपभोक्ता अश्वनी कुमार मिश्रा निवासी कस्बा मोहनलालगंज ने बताया कि छह माह पहले उन्होने बिजली कनेक्शन लिया था जिसके बाद से नियमित रूप से बिजली बिल जमा कर रहे थे। अचानक अप्रैल माह में उनके मोबाइल पर विभागीय ऐप पर 3816 रुपये का बकाया दिखा। जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि विभाग ने चुपचाप उनका पोस्टपेड कनेक्शन प्रीपेड में बदल दिया है।सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पीएम सूर्यघर योजना के तहत उनके घर पर लगे सोलर सिस्टम से बनी करीब 350 यूनिट बिजली, जो मीटर में जमा थी, उसे भी बिल में समायोजित नहीं किया गया। यानी एक तरफ उपभोक्ता को सोलर योजना का लाभ नहीं मिला, वहीं दूसरी तरफ उल्टा भारी बिल थमा दिया गया।
मामले से नाराज उपभोक्ता ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ-साथ ऊर्जा मंत्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर टैग कर शिकायत दर्ज कराई ह
सोलर सिस्टम से बनी यूनिट बिल में नही घटायी…..
उपभोक्ता ने बताया उनके घर पर प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत तीन किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया हैं, जिनसे उत्पन्न करीब 300 यूनिट से अधिक बिजली उनके मीटर में स्टोर थी। नियमों के अनुसार इन यूनिट्स का समायोजन बिल में होना चाहिए था, लेकिन विभाग ने इसे नजरअंदाज कर दिया।इससे यह सवाल उठता है कि जब सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं चला रही है, तो जमीनी स्तर पर विभाग ही उनके लाभ को निष्प्रभावी क्यों कर रहा है।
पोस्टपेड कनेक्शन को बदलकर किया प्रीपेड…….
उपभोक्ता ने बताया बिना सूचना दिये उनके कनेक्शन को पोस्टपेड से प्रीपेड में बदलना विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल है। उन्होने कहा किसी भी उपभोक्ता के कनेक्शन में बदलाव से पहले उसे सूचित करना और उसकी सहमति लेना जरूरी होता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से प्रीपेड मीटर को लेकर दबाव बनाया जा रहा है और कई मामलों में उपभोक्ताओं को बिना स्पष्ट जानकारी दिए इस व्यवस्था में शामिल किया जा रहा है।
उपभोक्ता ने सोशल मीडिया पर उठाई आवाज…
उपभोक्ता ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ-साथ ऊर्जा मंत्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और गलत बिल को ठीक करने की मांग की है।




