उत्तर प्रदेशलखनऊ

प्लॉटिंग मामले में सियासत गरम, आरोप बेबुनियाद :अविचल शुक्ला

समग्र चेतना/ राहुल तिवारी

मोहनलालगंज।प्लॉटिंग को लेकर प्रसारित एक खबर के बाद मोहनलालगंज की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कारोबारी एवं समाजसेवी अविचल शुक्ला ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो बयान में अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे सुनियोजित दुष्प्रचार करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता और सक्रियता से घबराए राजनीतिक विरोधी उनकी छवि खराब करने में जुटे हैं।

अविचल शुक्ला ने कहा कि एक चैनल की रिपोर्ट में कम जमीन पर अधिक लोगों को प्लॉट बेचने और कब्जा न देने का आरोप लगाया गया है, जबकि हकीकत इससे अलग है। उनके अनुसार तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है ताकि जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो।

उन्होंने कहा कि बीते दिनों क्षेत्र में उनकी सक्रियता और लोगों के बीच बढ़ते समर्थन से कुछ लोगों में बेचैनी है। यही वजह है कि योजनाबद्ध तरीके से ऐसे आरोप सामने लाए जा रहे हैं, जिससे उनकी सामाजिक और राजनीतिक विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया जा सके।वीडियो में उन्होंने उस युवक के बयान पर भी सवाल उठाए, जिसका जिक्र खबर में किया गया। अविचल शुक्ला के मुताबिक संबंधित व्यक्ति ने उनसे कोई प्लॉट खरीदा ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि उनकी ओर से ऐसा कोई उदाहरण नहीं है, जहां प्लॉट देने के बाद कब्जा न दिया गया हो।समाजसेवी ने कहा कि पूरे मामले में वे कानूनी सलाह ले रहे हैं और झूठे व भ्रामक आरोप लगाने तथा प्रसारित करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अफवाहों के बजाय सच्चाई पर भरोसा करें।

Related Articles

Back to top button
Close