बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए योगी सरकार की पहल, अभिभावकों से लेकर विद्यालय प्रबंध समितियों तक को अभियान से जोड़ने की तैयारी
उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम, ऑनलाइन शपथ से भी जुड़ेंगे विद्यार्थी और शिक्षक
लखनऊ। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ उत्तर प्रदेश में अब विद्यालयों के माध्यम से जनजागरण की मुहिम को गति दी जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य सुनिश्चित करने के लिए 27 नवंबर को प्रदेशव्यापी जागरूकता एवं सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके तहत उच्च प्राथमिक विद्यालयों, कंपोजिट विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई जाएगी।
इस संबंध में सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बालिकाओं की शिक्षा के महत्व और इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।
विद्यालयों से परिवार तक पहुंचेगा जागरूकता का संदेश
इस अभियान की खास बात यह है कि इसे केवल विद्यार्थियों और शिक्षकों तक सीमित नहीं रखा गया है। विद्यालय प्रबंध समितियों के सदस्यों और अभिभावकों को भी कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता विद्यालयों से निकलकर परिवार और समाज तक पहुंचे। सामूहिक भागीदारी के माध्यम से बाल विवाह रोकने के लिए सामाजिक जिम्मेदारी और जवाबदेही की भावना विकसित की जाएगी।
पोर्टल पर ऑनलाइन शपथ लेने के लिए भी करेंगे प्रेरित
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय कर्मचारियों को भारत सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल पर ऑनलाइन शपथ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों की तस्वीरें विभागीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से साझा की जाएंगी, ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
100 दिवसीय अभियान का हिस्सा है पहल
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। 27 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।
इस पहल के जरिए प्रदेश में बाल विवाह के खिलाफ सामाजिक चेतना मजबूत करने, बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उनके सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य के लिए परिवारों और समुदायों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

