स्वरोजगार की दौड़ में आजमगढ़ ने मारी बाजी, बलिया और रामपुर भी टॉप थ्री में

आगरा इलाहाबाद उत्तर प्रदेश कानपुर गोरखपुर पंजाब बरेली ब्रेकिंग न्यूज़ मेरठ राज्य लखनऊ वाराणसी व्यापार समग्र समाचार

सीएम युवा योजना में पूर्वांचल का दबदबा, 75.69 फीसदी ऋण वितरण के साथ आजमगढ़ प्रदेश में अव्वल

डेढ़ लाख युवाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य, 25 नवंबर तक 63,215 ऋण आवेदन स्वीकृत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने की योगी सरकार की मुहिम रंग लाने लगी है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत स्वरोजगार की संभावनाओं को नई उड़ान मिल रही है। प्रदेश के जिलों के प्रदर्शन में आजमगढ़ ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले में ऋण वितरण की प्रगति 75.69 प्रतिशत दर्ज की गई है। बलिया 63.11 प्रतिशत के साथ दूसरे और रामपुर 56.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।

योजना के तहत युवाओं को अपना कारोबार और उद्यम स्थापित करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे छोटे उद्योग, व्यवसाय और स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक युवाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है।

टॉप पांच में पूर्वांचल के तीन जिले

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के क्रियान्वयन में आजमगढ़ ने प्रदेश के दूसरे जिलों को पीछे छोड़ दिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में ऋण वितरण के लक्ष्य के सापेक्ष जिले ने 75.69 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। बलिया 63.11 प्रतिशत के साथ दूसरे और रामपुर 56.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। टॉप पांच में अमरोहा 49 प्रतिशत के साथ चौथे और जौनपुर 48.90 प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर है।

पूर्वांचल के अन्य जिलों में वाराणसी 47.37 प्रतिशत प्रगति के साथ दसवें स्थान पर है। भदोही ने 45.41 प्रतिशत, मऊ ने 44.71 प्रतिशत, गाजीपुर ने 41.89 प्रतिशत, चंदौली ने 40.76 प्रतिशत और सोनभद्र ने 40.35 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है। मीरजापुर 31.13 प्रतिशत के साथ प्रदेश में 73वें स्थान पर है।

डेढ़ लाख युवाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य

योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। 25 नवंबर तक प्रदेशभर से 2,08,753 आवेदन प्राप्त हो चुके थे। इनमें से 1,88,611 आवेदन बैंकों को भेजे गए। बैंकों ने 63,215 आवेदन स्वीकृत किए हैं, जबकि 62,671 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। इस तरह प्रदेश में ऋण वितरण की कुल प्रगति 41.78 प्रतिशत रही है।

युवाओं को मिल रहा आत्मनिर्भरता का आधार

आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से युवा बैंक ऋण लेकर छोटे उद्योग, कारोबार और स्वरोजगार की गतिविधियां शुरू कर रहे हैं। पांच लाख रुपये तक के ऋण पर ब्याज और गारंटी की बाध्यता नहीं होने से नए उद्यमियों को बड़ी राहत मिल रही है।

प्रदेश में लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होना इस बात का संकेत है कि युवाओं में अपना व्यवसाय शुरू करने की रुचि बढ़ रही है। आजमगढ़ का प्रदर्शन इस दिशा में विशेष रूप से उल्लेखनीय है। योगी सरकार की इस पहल से प्रदेश में उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार सृजन की नई संभावनाएं भी विकसित हो रही हैं।