फैमिली पेंशन में भी 30 से 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव, कर्मचारी संगठनों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की उठाई आवाज
आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का केंद्रीय कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनर्स को भी बेसब्री से इंतजार है। आयोग की सिफारिशें लागू होने पर कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी के साथ पेंशन की रकम में भी इजाफा होने की उम्मीद है। हालांकि, आयोग की ओर से अभी तक वेतन और पेंशन को लेकर कोई अंतिम प्रस्ताव या सिफारिश सार्वजनिक नहीं की गई है। इस बीच विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांगें और सुझाव आयोग के समक्ष रखने शुरू कर दिए हैं।
पेंशनर्स के लिए सबसे अहम मांग पेंशन की मौजूदा दर 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 67 प्रतिशत करने की है। यदि इस प्रस्ताव को स्वीकार किया जाता है तो सेवानिवृत्त केंद्रीय कर्मचारियों की मासिक पेंशन में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
पुरानी पेंशन बहाली से लेकर फैमिली पेंशन बढ़ाने की मांग
भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने सभी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग उठाई है। वहीं, नेशनल काउंसिल-ज्वाइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली पेंशन की दर अंतिम मूल वेतन के 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 67 प्रतिशत करने का प्रस्ताव दिया है।
इतना ही नहीं, कर्मचारी संगठन फैमिली पेंशन में भी बढ़ोतरी चाहते हैं। इसके तहत मौजूदा 30 प्रतिशत की दर को बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने की मांग की गई है। ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइज फेडरेशन (AIDEF) और भारत पेंशनर्स समाज सहित अन्य संगठनों ने भी पेंशन व्यवस्था में सुधार और पेंशनर्स को अतिरिक्त राहत देने के सुझाव रखे हैं।
28,050 रुपये की पेंशन बढ़कर हो सकती है 37,587 रुपये
पेंशन में प्रस्तावित बढ़ोतरी को एक उदाहरण से समझा जा सकता है। सातवें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स में लेवल-10 के कर्मचारी का न्यूनतम मूल वेतन 56,100 रुपये है। वर्तमान 50 प्रतिशत पेंशन दर के आधार पर उसकी बेसिक पेंशन 28,050 रुपये बनती है।
यदि कर्मचारी संगठनों की 67 प्रतिशत पेंशन दर की मांग स्वीकार कर ली जाती है और मूल वेतन में कोई बदलाव नहीं होता है, तो यही पेंशन बढ़कर 37,587 रुपये हो सकती है। इस हिसाब से हर महीने करीब 9,537 रुपये की अतिरिक्त बेसिक पेंशन मिलेगी।
फिटमेंट फैक्टर से भी बढ़ सकती है पेंशन
आठवें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर को लेकर भी काफी उम्मीदें हैं। यदि आयोग वेतन और पेंशन निर्धारण के लिए नया फिटमेंट फैक्टर लागू करने की सिफारिश करता है तो पेंशन की गणना में भी बदलाव संभव है। हालांकि, पेंशन की वास्तविक बढ़ोतरी आयोग की अंतिम सिफारिशों और केंद्र सरकार के फैसले पर निर्भर करेगी।
फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की निगाहें आठवें वेतन आयोग पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि कर्मचारी संगठनों की इन मांगों में से किन प्रस्तावों को आयोग अपनी सिफारिशों में जगह देता है।

