उत्तर प्रदेशलखनऊ

जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कन्हैयालाल मेमोरियल के छात्रों का दबदबा, जीते 10 पदक; 5 का राज्य स्तर पर चयन

जालौन। मुख्यालय स्थित इंदिरा स्टेडियम में आयोजित जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप में नगर के कन्हैयालाल अग्रवाल मेमोरियल बाल विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक अपने नाम किए। इनमें से पांच स्वर्ण पदक विजेताओं का चयन आगामी राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए हुआ है। विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेताओं को सम्मानित कर उनकी हौसलाअफजाई की।

प्रतियोगिता के कड़े मुकाबलों के बीच जिले भर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। कन्हैयालाल अग्रवाल मेमोरियल बाल विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी।

प्रतियोगिता में खुशी, अनमोल, श्रवण, आदारित और सैफ ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं निर्मल, रिदम और सीनॉय ने रजत पदक हासिल किए, जबकि अनन्या और ओमिका ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया।
स्वर्ण पदक जीतने वाले पांचों खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्लब के कोच सम्मान दीक्षित ने सभी पदक विजेताओं को माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर जिला सचिव सुधीर कुमार, अध्यक्ष काजल चक्रवर्ती, उपाध्यक्ष शरद यादव और संरक्षक खुशबू अग्रवाल आशीष जी ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देकर सम्मानित किया।

Related Articles

Back to top button
Close