उत्तर प्रदेशलखनऊ

बुलाने के बावजूद बैठक में नहीं पहुंचे मुख्य व्यापारी, अधिकारियों में दिखी नाराजगी

जालौन। त्योहार के दौरान ठेले व ठिलिया वाले चलते-फिरते रहें, दिन के समय बड़े वाहनों का बाजार में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह बात व्यापारियों के साथ बैठक में प्रशासन ने कही।

आगामी धनतेरस और दीपावली के पर्व को देखते हुए उप जिलाधिकारी राकेश कुमार सोनी की अध्यक्षता एवं क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह की उपस्थिति में कोतवाली परिसर में व्यापारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। विधिवत सूचना और बुलावा भेजे जाने के बावजूद नगर के मुख्य व्यापारियों और सोने-चांदी के आभूषण विक्रेताओं के न पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों में खासी नाराजगी देखी गई।

हाल ही में पुलिस अधीक्षक के नगर भ्रमण के दौरान जो प्रमुख व्यापारी उनके साथ चल रहे थे, उन्हीं चेहरों की इस अहम बैठक से गैरमौजूदगी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। धनतेरस पर सबसे अधिक भीड़ और नकदी का लेन-देन सराफा और मुख्य बाजार में ही होता है, ऐसे में इन प्रमुख व्यापारियों के बगैर हुई इस बैठक को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

बैठक में मौजूद व्यापारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान बाजार में बड़े वाहनों के प्रवेश के चलते भीषण जाम की स्थिति बन जाती है। इस पर प्रशासनिक अधिकारियो ने अधीनस्थों को निर्देश देकर कहा कि त्योहार के दौरान दिन के समय बाजार में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ठेले व ठिलिया वाले भी बाजार में घूम-घूम कर सामान बेचें, किसी एक जगह स्थायी रूप से खड़े होकर रास्ता अवरुद्ध न करें। अधिकारियों ने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई दुकान के सामने सामान बेचता है, तो उसे अधिक देर तक खड़ा न रहने दें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यापारी के पास नकदी अधिक है और उसे बैंक ले जाने या सुरक्षित रखने के लिए सुरक्षा की आवश्यकता है, तो तत्काल कोतवाली में सूचना दें ताकि पुलिस बल उपलब्ध कराया जा सके। व्यापारी किसी भी तरह का जोखिम न लें, सुरक्षा सर्वोपरि है; आपात स्थिति में तुरंत पुलिस की मदद लें। इसके अलावा सभी से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की भी अपील की गई।
इस मौके पर इंस्पेक्टर क्राइम लालबाबू मिश्रा, कस्बा चौकी प्रभारी मनीष तिवारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष श्यामजी गुप्ता, विवेक अग्रवाल, प्रेमकुमार बबलू सेंगर माहिया राममोहन गुप्ता, अनुराग निरंजन, अनिल गुप्ता, कौशल किशोर गुप्ता, हरि विश्नोई, गोपाल विश्नोई, शिवम गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
Close