एक ही परिवार से दो वर्दीधारी—भाई-बहन बने क्षेत्र के लिए प्रेरणा

समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
लखनऊ| विधान सभा सरोजनीनगर के ग्राम गढ़ी चुनौटी निवासी अभिषेक राणा ने पुलिस विभाग में भर्ती होकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि उनकी बड़ी बहन मनु पहले से ही सिपाही के पद पर तैनात हैं। अब भाई के भी पुलिस सेवा में शामिल होने के बाद यह भाई-बहन की जोड़ी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
रविवार को आर टी सी 33 वीं वाहिनी पीए सी झांसी में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद अभिषेक राणा ने विधिवत पुलिस सेवा में कदम रखा। इस उपलब्धि के साथ परिवार में खुशी का माहौल है। पिता हीरा लाल, जो पेशे से किसान हैं, और माता कोकिला देवी (गृहिणी) अपने दोनों बच्चों की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
अभिषेक राणा के बड़े भाई अश्वनी राणा ने बताया कि अभिषेक और मनु का बचपन से ही सपना था कि वे पुलिस विभाग में भर्ती होकर समाज सेवा करें। आज दोनों ने अपनी मेहनत और लगन से उस सपने को साकार कर दिखाया है।
अभिषेक और मनु ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता के त्याग, माता की प्रेरणा और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी परिवार ने उनका मनोबल बढ़ाया, जिससे वे अपने लक्ष्य तक पहुंच सके।
भाई-बहन की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। युवा वर्ग के लिए यह उदाहरण साबित करता है कि मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर सपना पूरा किया जा सकता है।




