ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियाँ भी किसी से कम नही हैं: एसीपी
नगराम के छतौनी में एसीपी ने चौपाल लगाकर महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा व सशक्तिकरण की दी जानकारी
राहुल तिवारी/ समग्र चेतना
मोहनलालगंज।मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को नगराम थाना क्षेत्र के छतौनी गांव में एसीपी रजनीश वर्मा की अध्यक्षता व थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी की मौजूदगी में महिला चौपाल का आयोजन किया।एसीपी ने पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर चयनित छतौनी गांव की बेटी शालिनी शुक्ला के पिता राजेन्द्र शुक्ला को सम्मानित किया गया।उन्होने कहा शालिनी जैसी बेटियां समाज के लिये प्रेरणा है।इनके परिश्रम और लगन से यह साबित होता है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियाँ भी किसी से कम नही हैं।एसीपी रजनीश वर्मा ने चौपाल में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुये ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में बताया। इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों पर विस्तार से चर्चा की।महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एंबुलेंस), 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) शामिल थे। इन नंबरों के उपयोग और उनकी त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली के बारे में भी बताया।थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी ने महिलाओं के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।इस दौरान महिलाओ को सुरक्षा व कानूनी जानकारी से जुड़े जागरूकता पम्पलेट भी बांटे गये।




