उत्तर प्रदेशलखनऊ

भाजपा को बड़ा झटका, स्वामी प्रसाद मौर्य सहित तिंदवारी विधायक ब्रजेश प्रजापति ने छोड़ी पार्टी

ब्रजेश प्रजापति के सपा में जाने की पूरी संभावना

बांदा। आगामी विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ पार्टी में विधायकों के आने और जाने का दौर शुरू हो चुका है। मंगलवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़ने और सपा में शामिल होने के साथ ही प्रदेश के कई विधायकों ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। इस कड़ी में जिले की तिंदवारी विधानसभा से भाजपा के विधायक ब्रजेश प्रजापति ने भी पार्टी हाईकमान को पत्र भेजकर कई गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी है। ब्रजेश प्रजापति के भाजपा छोड़ने से तिंदवारी विधानसभा का गणित बिगड़ गया है। कयास लगाये जा रहे हैं कि जल्द ही ब्रजेश प्रजापति की भी सपा में इंट्री होना तय है। उधर सूत्रों की मानें तो ब्रजेश प्रजापति भी सपा में शामिल हो गये हैं।

तिंदवारी विधायक ब्रजेश प्रजापति ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को भेजे पत्र में कहा है कि प्रदेश सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यक समुदाय के नेताओं व जनप्रतिनिधियों को तवज्जों नहीं दी गई और ना ही उन्हें उचित सम्मान दिया गया है। इसके साथ ही पिछड़ों, अल्पसंख्यक और किसानों की घोर उपेक्षा की गई है। इसके अलावा ब्रजेश प्रजापति ने स्वामी प्रसाद मौर्य को अपना नेता बताते हुए उनके साथ जाने की बात कही है। इसी पत्र से ही कयास लगाये जा रहे हैं कि ब्रजेश प्रजापति का सपा में जाना लगभग तय है। तिंदवारी विधानसभा का रुख बदला बदला सा नजर आने लगा।

Related Articles

Back to top button
Close