उत्तर प्रदेश

केंद्रीय किसान आयोग का गठन अत्यंत जरूरी : विजयपाल सिंह चौहान

 भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने अन्नदाता को कर्ज से मुक्ति दिलाने हेतु ज्ञापन सौंपा
बांदा। भारत की अर्थव्यवस्था कृषि आधारित है। भारतीय कृषक कालांतर से अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। कभी प्रकृति की मार तो कभी बेशुमार महंगाई की मार ने अन्नदाताओं की कमर ही तोड़ दी है। बुंदेलखंड का किसान अत्यंत प्रभावित है। एक ओर जहां वर्तमान में डीजल आदि की बढ़ती कीमतों के चलते खाद्यान्य उत्पादन में बढ़ती लागत कृषकों की नींद हराम किए है तो वहीं दूसरी ओर अन्ना पशुओं से किसान को अपनी फसल बचाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। खेती कराने में बढ़ते खर्चे और उत्पादन में कमी के चलते किसान लगातार कर्जदार बनता जा रहा है।

किसान अक्सर अवसाद और तनाव के चलते आत्महत्या तक करने को मजबूर हो जाता है। भारतीय किसान यूनियन (भानु) एक राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित किसानों व मजदूरों का संगठन है। यह संगठन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए बना है। भारतीय किसान यूनियन(भानु) गुट की जनपद इकाई बाँदा के तत्वावधान में राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आज दिनाँक 06-12-2021 को बांदा जिलाध्यक्ष विजयपाल सिंह चौहान की अगुवाई में मा0 प्रधानमंत्री महोदय भारत सरकार को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी बाँदा को सौंपा गया।

किसानों के नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की है कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्रीय किसान आयोग का गठन अत्यंत जरूरी है। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के पदाधिकारियों ने देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री से किसानों को कर्ज से मुक्ति दिलाते हुए किसान हित में केंद्रीय किसान आयोग के गठन की मांग की है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से सर्व श्री हीरा सिंह भदौरिया ( राष्ट्रीय उपाध्यक्ष/प्रभारी बुंदेलखण्ड व म0प्र0 ) , जयराम सिंह बछेउरा ( मण्डल अध्यक्ष, चित्रकूटधाम मण्डल),राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी व कुं. धनञ्जय सिंह ( दोनों मण्डल सचिव, चित्रकूटधाम मण्डल), के0के0 द्विवेदी (जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष), सी.एल.तिवारी(जिला उपाध्यक्ष),राम लखन सिंह सेंगर (जिला प्रमुख महामंत्री) आदि सहित जिलाध्यक्ष विजयपाल सिंह चौहान उपस्थित रहे।

बांदा से
अनिल सिंह गौतम की रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button
Close