शराब की दुकानों पर पुलिस प्रशासन की नजर

आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता का अनुपालन प्रत्येक दशा में शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की गई आदर्श आचार संहिता की गाइडलाइन का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का अनुपालन आयोग की शीर्ष प्राथमिकता है।
इसका उल्लंघन किसी भी दशा में ना होने पाए। जिला अधिकारी ने कल देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में उक्त निर्देश दिए उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों की बैठक कर आवश्यक फीडबैक प्राप्त कर कार्यवाही की जाए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील पोलिंग बूथों की विशेष निगरानी करना सुनिश्चित करें कोई भी प्रत्याशी आयोग द्वारा निर्धारित वाहनों की संख्या से अधिक का काफिला लेकर ना चलने पाए उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में कोई भी प्रत्याशी किसी भी प्रकार की सामग्री का वितरण न करने पाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शराब की दुकानों पर विशेष नजर रखी जाए तथा प्रत्येक दिन शराब की दुकानों एवं आबकारी विभाग से शराब की बिक्री की रिपोर्ट प्राप्त किया जाए । उन्होंने कहा कि जनपद की सीमा पर स्थित शराब की दुकानों पर विशेष ध्यान दें और प्रत्येक शाम को सीमा क्षेत्र में स्थित दुकानों की रिपोर्ट प्राप्त करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्त अपर जिला अधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र एवं सभी उप जिला अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




