उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

सिधौली में भाजपा-सपा के टिकट पर घमासान, दोनों दलों में तीन-तीन दावेदारों ने बढ़ाई आलाकमान की मुश्किलें

रामनाथ रावत
   रामनाथ रावत

सिधौली (सीतापुर)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही सीतापुर जिले की सुरक्षित विधानसभा सीट 152-सिधौली पर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) में टिकट हासिल करने की होड़ ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। दोनों प्रमुख दलों में तीन-तीन प्रमुख दावेदार सामने आने से पार्टी नेतृत्व के सामने प्रत्याशी चयन की चुनौती खड़ी होती दिखाई दे रही है।

भाजपा खेमे में वर्तमान विधायक मनीष रावत, वर्तमान ब्लॉक प्रमुख राम बक्श रावत तथा मिश्रिख सांसद अशोक रावत के करीबी रिश्तेदार अवनीश रावत उर्फ पप्पू रावत अपनी-अपनी दावेदारी को मजबूत करने में जुटे हैं। तीनों नेताओं की सक्रियता के चलते पार्टी के भीतर टिकट को लेकर सियासी हलचल बढ़ गई है।

वहीं, समाजवादी पार्टी में भी टिकट की दावेदारी को लेकर मुकाबला कम दिलचस्प नहीं है। पूर्व विधायक हरगोविंद भार्गव, सपा के प्रदेश सचिव रामपाल भार्गव तथा पूर्व सांसद सुशीला सरोज की बेटी और सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी अनुपमा सरोज का नाम प्रमुखता से चर्चा में है। इन तीनों नामों को लेकर सपा के राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग तरह के समीकरण लगाए जा रहे हैं।

हालांकि, अनुपमा सरोज की ओर से अभी तक सिधौली विधानसभा से चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, पूर्व सांसद सुशीला सरोज सिधौली क्षेत्र के पुराने सपा कार्यकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर रही हैं और अपनी बेटी अनुपमा सरोज की संभावित राजनीतिक दावेदारी के बारे में जानकारी दे रही हैं।

दोनों दलों में दावेदारों की मजबूत मौजूदगी ने टिकट वितरण को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। पार्टी नेतृत्व के सामने केवल नेताओं की व्यक्तिगत दावेदारी ही नहीं, बल्कि उनका जनाधार, संगठन में पकड़, जातीय समीकरण और क्षेत्रीय प्रभाव भी महत्वपूर्ण होंगे। ऐसे में किसी एक नाम पर सहमति बनाना दोनों दलों के लिए आसान नहीं माना जा रहा है।

स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं और क्षेत्रीय लोगों के एक वर्ग के आकलन में आगामी विधानसभा चुनाव का संभावित मुख्य मुकाबला भाजपा के वर्तमान विधायक मनीष रावत और सपा के पूर्व विधायक हरगोविंद भार्गव के बीच माना जा रहा है। हालांकि, अभी दोनों ही दलों ने अपने प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में चुनावी तस्वीर टिकट वितरण के बाद ही साफ हो सकेगी।
फिलहाल सिधौली विधानसभा में भाजपा और सपा के भीतर टिकट की जंग दिलचस्प मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। अब निगाहें दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं कि वे किस दावेदार पर भरोसा जताते हैं। टिकट की इस सियासी बाजी में किसका पलड़ा भारी रहेगा, इसका फैसला आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियों के साथ और स्पष्ट होगा।

Related Articles

Back to top button
Close