पीएम मोदी ने कोरोना काल में लोगों के सामने नहीं खड़े होने दिया भोजन का संकट: कौशल किशोर

केन्द्र सरकार ने लोक हित में 5 साल के लिए और बढ़ा दिया राशन वितरण
समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
लखनऊ। कोरोना के समय अगर देश के प्रधानमंत्री मोदी ना होते, तो देश के करोड़ों लोगों के सामने खाने की समस्या खड़ी हो जाती। ऐसे तमाम लोगों को भूखा रहना पड़ता। यह बात शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री व मोहनलालगंज सांसद कौशल किशोर ने कही। वह सरोजनीनगर में अनौरा स्थित अमौसी रेलवे स्टेशन ओवर ब्रिज के पास आयोजित सिलाई मशीन, कंबल वितरण व भंडारा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोरोना के समय देश के सभी कारखाने, हवाई जहाज, रेल और सड़क यातायात सहित सभी उद्योग धंधे बंद थे। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने 80 करोड लोगों को निशुल्क राशन देकर सबके खान की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि यह राशन वितरण बीते 31 दिसंबर तक ही था, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे अगले 5 साल तक फिर बढ़ा दिया है।
अब यह राशन 31 दिसंबर 2028 तक लगातार मुफ्त मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी है कि देश में कोई भी भूखा ना रहे, किसी के इलाज में कोई दिक्कत ना हो। इसके लिए केंद्र सरकार हर व्यवस्था कर रही है। कार्यक्रम में कौशल किशोर ने केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं के बारे में बारीकी से बताया। उन्होंने मौजूद लोगों से अगले लोकसभा चुनाव में फिर से भाजपा को जिताकर तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। कार्यक्रम में सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड के पार्षद रामनरेश रावत ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए खुद के द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के बारे में भी बताया।
इस दौरान कार्यक्रम आयोजक भाजपा कार्यकर्ता व बेहटवा बूथ अध्यक्ष अखिलेश यादव ‘सोनू’, अल्पसंख्यक मोर्चा कोषाध्यक्ष माजिद खान और राजेश उपाध्याय एडवोकेट की ओर से करीब 800 गरीब, बेसहारा और असहाय लोगों को कंबल वितरित करने के साथ ही 15 महिलाओं को सिलाई मशीन वितरित की गई। वहीं कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारा भी आयोजित किया गया। इस मौके पर भाजपा की जिला मंत्री रेनू सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश सिंह चौहान व शिव शंकर अवस्थी सहित तमाम भाजपाई व अन्य लोग मौजूद रहे।
भाजपा के सिलाई मशीन, कंबल वितरण व भंडारा कार्यक्रम में प्रेस क्लब सरोजनीनगर के पत्रकारों को केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर द्वारा सम्मानित भी किया गया। उन्होंने कहा कि जाड़ा, गर्मी व बरसात जैसे हर मौसम में पत्रकार कड़ी मेहनत कर सभी को देश दुनिया की जानकारी से अवगत कराते हैं। इसलिए वह सम्मान के पात्र हैं। इस दौरान कौशल किशोर ने प्रेस क्लब सरोजनीनगर के अध्यक्ष राज किशोर पासी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजन पांडेय, उपाध्यक्ष प्रदीप यादव, महामंत्री राकेश यादव, मीडिया प्रभारी पवन तिवारी, सचिव अनवर कुरेशी, सह सचिव मिथलेश कुमार, सह संगठन मंत्री रामबाबू सोनी, सदस्य सुरेंद्र कुमार यादव, इंद्रेश यादव, इदरीश खान, राहुल तिवारी, अर्जुन यादव और रेहान खान आदि पत्रकारों को फूल माला पहनाने के साथ ही शॉल भेंट कर सम्मानित किया।




