सरोजनीनगर को प्रदेश की आदर्श विधानसभा स्थापित करना मेरा संकल्प: डाक्टर राजेश्वर सिंह

भटगांव में किया कई विकास कार्यों का लोकार्पण
कुंभकारी कला को प्रोत्साहित करने के लिए विधायक ने 12 शिल्पकारों दिया विद्युत चाक
राहुल तिवारी
लखनऊ। सरोजनीनगर में विकास की नई धारा बहा रहे विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयासरत हैं। डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा किए जा रहे प्रयासों के परिणाम अब धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। गुरुवार को डॉ. राजेश्वर सिंह ने क्षेत्रवासियों को नए विकास योजनाओं की सौगात दी। विधायक ने ग्राम सभा भटगांव में मुख्यमंत्री त्वरित विकास योजना से स्वीकृत क्षेत्र की 10 सड़कों का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने 51 विकास कार्यों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।
भटगांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में अयोजित इस कार्यक्रम में सरोजनीनगर विधायक ने सरोजनीनगर में आर्थिक विकास योजना द्वारा क्षेत्र में 10 सड़कों का निर्माण कार्य, नालों-नालियों, इंटरलॉकिंग-सीसी सड़कों का निर्माण, नाडेप कम्पोस्ट, सहज जनसेवा केंद्र, तरल एवं अपशिष्ट प्रबंधक केंद्र के निर्माण कार्य का बटन दबाकर लोकार्पण किया। इसके अलावा क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय हसन खेड़ा एवं बादे खेड़ा में इंटर लॉकिंग व शौचालय निर्माण, ग्राम पंचायत में कूड़ेदान, प्लास्टिक बैंक, स्ट्रीट लाइट, सोलर लाइट, हैंड पंप आदि भी जनता को सौंपा। साथ ही कुंभकारी कला को प्रोत्साहित करने के लिए डॉ. राजेश्वर सिंह ने 12 शिल्पकारों को इलेक्ट्रिक चाक मशीनों भी वितरण किए।
कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने जनता तथा सभी विकास कार्यों से जुड़े विभागों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से आज गांव के विकास को नई गति मिली है। प्रत्येक गांव के सर्वांगीण विकास से ही आदर्श सरोजनीनगर का स्वप्न पूर्ण होगा। विधायक ने भटगांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय को बाउंड्री वॉल बनावने, चेयर-टेबल व झूले लगवाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर में 105 नई सड़कों का निर्माण हो रहा है। इसमें 30 सड़कों ग्रामीण व 75 सड़कें शहरी क्षेत्र की हैं। इसके अलावा 68 सड़कें, जिसमें 42 ग्रामीण व 26 शहरी क्षेत्र की है, का मरम्मत कार्य चल रहा है। जनता के आवागमन को सुदृढ़ बनाना की दिशा में हमारा प्रयास निरंतर जारी है।
उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर उत्तर प्रदेश अपनी नई पहचान गढ़ रहा है। सरोजनीनगर में भी हर व्यक्ति को विकास की कड़ी से जोड़ा जा रहा है। महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने की दिशा में क्षेत्र में सिलाई सेंटरों की स्थापना कर नि:शुल्क सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई जा रही है। लोकबंधु अस्पताल में ब्लड बैंक व सीटी स्कैन सुविधा की वृद्धि कराते हुए लगातार सुविधाओं का प्रसार किया जा रहा है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मेरा पूरा जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित है। मैं हर समय आपके लिए उपलब्ध हूं। मेरा ऑफिस 24 घंटे आपके सेवा के लिए खुला हुआ है। इस दौरान जनता ने डॉ राजेश्वर सिंह को सम्मानित किया और उनके द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों का मार्गदर्शन किया तथा महिलाओं को साड़ियां भी बांटी। उन्होंने जनता से बातचीत भी की और उनकी समस्याएं व सुझाव भी सुनें।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद रीना चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश सिंह चौहान, शिवशंकर सिंह शंकरी, ब्लॉक प्रमुख सुनील रावत, भटगांव प्रधान प्रतिनिधि विपिन कुमार पीनू , अधिशासी अभियंता नूर आलम, खंड विकास अधिकारी पूजा सिंह, सहायक अभियंता सरिता कुमारी, ग्रामीण अभियंत्रण अशोक कुमार श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा, गंगाराम भारती, राजकुमार सिंह चौहान समेत प्रधान, पार्षदगण समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।




