किसानों की जीविका का एक मात्र साधन है खेती-परविंदर सिंह
सीतापुर। जनपद में उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह बुधवार को जनपद के दौरे पर रहे। परविंदर सिंह ने बुधवार को डीएम एसपी के साथ बैठकर किसानो की फसलों के हुए नुकसान के आंकलन पर चर्चा की और किसानो के नुकसान का सर्वे कराकर उन्हें जल्द से जल्द समय से नुकसान का मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए है। इस दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में सिख किसानों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और समस्याओं को हल कराने का भी आस्वाशन दिया।
उन्होंने कहा कि आयोग की यह पहली प्राथमिकता है और दूसरा मंदिर,मस्जिदों और गुरुद्वारा के बाहर अवैध कब्जे ने हो इस पर भी चर्चा हुयी है। अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि किसानों का हित सर्वाेपरि है और उनकी जीविका का एक मात्र साधन खेती ही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में मानसून के जाते जाते हुयी लगातार बारिश से किसानो की फसलें बर्बाद हो गयी है, जिससे किसानो के सामने रोजी रोटी का संकट भी उत्पन्न हो जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ वार्ता में यह तय हुआ है कि किसानों के फलसों के नुकसान का सर्वे कराकर उन्हें उनकी उपज और लागत के हिसाब से आर्थिक मुआवजा समय से दिलाया जाए।
उन्होने कहा कि इस मुआवजे से किसान अपनी अगली फसल की भी तैयारी शुरू कर सकता है। सरदार परविंदर सिंह ने कुछ किसानो से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जिला प्रशासन के समक्ष भी रखा। परविंदर सिंह ने बातचीत में बताया कि बाढ़ के भी असमय आने से सैकड़ो बीघा फसलें जलमग्न हो गयी थी जिससे कि गन्ना,धान सहित अन्य फसलें खराब हो गयी थी। बाढ़ ग्रस्त इलाको में भी पानी उतरने के साथ ही वहां का सर्वे करवाकर किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।




