मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया सम्मानित
मोहनलालगंज। कोतवाली मोहनलालगंज में बुधवार को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस व जनता के बीच सेतु का कार्य करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग देने वाली लगभग एक दर्जन महिलाओं को प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल समाज की उन्नति ही नहीं, बल्कि सुरक्षित और जागरूक वातावरण की नींव है। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे समाज में नेतृत्व की भूमिका निभा सकें।
उन्होंने सम्मानित महिलाओं को महिला अपराधों से जुड़ी जानकारियाँ प्रदान कीं तथा उन्हें अन्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। सम्मानित महिलाओं ने मिशन शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुँचाने और महिला सुरक्षा एवं सम्मान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक यशवंत सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।
बेसिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम
मिशन शक्ति फेज़-5 के तहत मोहनलालगंज क्षेत्र के गौरा स्थित बेसिक विद्यालय में पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा, उपनिरीक्षक मेघा तिवारी तथा आरक्षी साधना ने उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचित करने और हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को डरने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि साहस दिखाते हुए पुलिस से मदद लेनी चाहिए। पुलिस टीम ने बच्चियों को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा के उपाय, कानूनी अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों की विस्तार से जानकारी दी।




