मणिपुर हिंसा में फंसे UP के 142 छात्र वापस लौटे घर, इनमें से 9 जौनपुर जिले के

मणिपुर हिंसा में फंसे UP के 142 छात्र वापस लौटे घर, इनमें से 9 जौनपुर जिले के:
मणिपुर में जातीय हिंसा के बाद वहां का माहौल तनावपूर्ण है। वहां फंसे कई राज्यों के सैकड़ों छात्रों का रेस्क्यू किया जा रहा है। मणिपुर से उत्तर प्रदेश के छात्रों को वापस लाने की राज्य सरकार की कोशिश जारी है। यूपी सरकार शुक्रवार तक मणिपुर से 142 छात्रों को वापस लाने में सफल रही है। इनमें से 9 जौनपुर जिले के निवासी हैं।
राहत आयुक्त कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक, मणिपुर स्थित अलग-अलग संस्थानों में उत्तर प्रदेश के 158 छात्रों के फंसे होने की सूचना मिली। इनमें लखनऊ के 17, प्रयागराज के 13, कानपुर के 12 और जौनपुर के नौ छात्र समेत अन्य जनपदों के 107 छात्र शामिल थे।
62 छात्रों की वापसी मंगलवार, 36 की बुधवार, 32 की गुरुवार और शुक्रवार को 12 छात्र प्रदेश वापस आए हैं। इन सभी 142 छात्रों के शुक्रवार तक सकुशल उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचा दिया गया। शेष 16 छात्रों में से 11 ने मणिपुर से वापस आने की व्यवस्था खुद की। 5 छात्र मणिपुर से आना नहीं चाहते हैं।




