महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने से ही देश का विकास होगा: गौरव कुमार गुप्ता

लखीमपुर: जिला ग्राम विकास संस्थान में चल रहे राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रशिक्षण कार्यक्रम में इं० गौरव कुमार गुप्ता ने महिलाओं को स्वरोजगारी बनने के मंत्र दिए। गौरव कुमार गुप्ता, योजना आयोग के पूर्व सलाहकार आईएएस डॉ० कमल टावरी द्वारा संस्थापित संगठन रूरल बिज़नेस हब फाउंडेशन इंडिया के सचिव है। शुक्रवार को एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला ग्राम विकास संस्थान के प्रमुख डॉ० राज किशोर यादव ने एनआरएलएम समूहों की सखी प्रशिक्षण में आमंत्रित किया था, जिसमें श्री गुप्ता ने गाय और गांव ले संसाधनो के आधार पर उद्यमिता सृजन का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि देश की कई नामी गिरामी संस्थानों से विपणन का कार्य कराया जा सकता है जिसके लिए रूरल बिज़नेस हब फाउंडेशन इंडिया पूरी तरह से मदद करने के लिए तत्पर है।
उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के कई सहयोगी संगठन डिजिटल इंडिया अभियान के तहत गांव गांव सुविधा केंद्र खोल रहे है जिसमें एनआरएलएम की महिलाओं को प्राथमिकता पर 70% छूट पर केंद्र खोलने और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि समूहों द्वारा निर्मित हस्तकला का सामान और जैविक उत्पाद का बाजार उपलब्ध कराने का काम संगठन द्वारा किया जा रहा है, जिससे समूहों को बाजार मिलना आसान हो सकेगा।
डॉ राज किशोर यादव ने धन्यवाद देते हुए कहा कि श्री गुप्ता के मार्गदर्शन और संगठन के सहयोग से महिलाओं को लाभ मिलेगा, इसके साथ ही उन्होंने अन्य संगठनों से अपील करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में उनकी महती भूमिका हो सकती है, जिसके लिए प्रयास किया जाना चाहिए और वह सामाजिक संगठनों को हर संभव सहयोग करने को तैयार हैं।




