तहसील व सेना के अधिकारियों ने की बैठक बाढ़ की तैयारियों को लेकर की समीक्षा

महमूदाबाद/सीतापुर। तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पूर्व तैयारियों को लेकर तहसीलदार सुखबीर सिंह व भारतीय सेना सिख रेजीमेंट के सूबेदार गोविन्द सिंह व अन्य सेना के अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान सेना के अधिकारियों द्वारा तहसीलदार से जानकारी ली कि तहसील में कौन कौन से गांव व मजरे बाढ़ से प्रभावित है, कितनी बाढ़ चौकियां है, कौन-कौन से स्थल बाढ़ के केन्द्र बिन्दु हैं।
पूर्व में आयी बाढ़ के विषय में भी जानकारी ली व जनहानि की भी जानकारी ली। उन्होंने तहसीलदार महमूदाबाद से पूछा कि यदि बाढ़ जिला प्रशासन व स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था के नियंत्रण के बाहर होती है तो कौन-कौन से स्थल हैं, जहां पर सेना के हेलीकाप्टर लैण्ड कर सकते हैं। तहसीलदार द्वारा सभी सूचनाओं को सेना के अधिकारियों को अवगत कराते हुये उपलब्ध करा दी गयी व सेना के अधिकारियों एवं तहसील प्रशासन द्वारा अपने सम्पर्क सूत्रों को भी साझा किया गया।
बाढ़ नियंत्रण व बचाव के कार्यों को लेकर सकारात्मक चर्चा सम्पन्न हुयी। सेना के अधिकारियों ने तहसीलदार सुखबीर सिंह को आस्वस्त किया कि बाढ़ नियंत्रण से संबंधित आवश्यकता पड़ने पर यथाशीघ्र हमसे सम्पर्क कर सकते हैं। सेना आपके सहयोग के लिये पूरी तैयारियों के साथ खड़ी है।



