उत्तर प्रदेशलखनऊ

मकान में दिया जलाने गयी महिला का झाड़ियों में मिला शव, मचा हड़कंप

पुलिस बता जता रही हत्या की आशंका
सीतापुर। सदरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात अपने नए मकान में दीया जलाने गई एक महिला की सड़क किनारे झाड़ियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों द्वारा महिला की गला घोटकर हत्या करने की आशंका पुलिस जता रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। महिला अपने घर से 200 मीटर दूरी पर स्थित नए मकान में दीपक जलाने के लिए गयी थी। जिसके बाद उसकी हत्या की खबर गांव में फैल गयी। घटना सदरपुर थाना इलाके की है। यहां बीती देर रात झाड़ियों किनारे एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम पट्टी मजरा सरैया महीपत निवासी रामकरण की पत्नी जानकी उम्र लगभग 40 वर्ष देर रात अपने गांव के बाहर 200 मीटर दूर बिसवां महमूदाबाद मार्ग पर बने अपने नए प्रधानमंत्री आवास में दीपक जलाने के लिए गई थी। काफी देर तक जब महिला वापस नहीं पहुंची तो परिजन उसे तलाशते हुए मकान तक पहुंचे। कुछ ही दूरी पर महिला का शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना के बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक सीओ सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी एनपी सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया महिला की गला घोटकर हत्या होना प्रतीत हो रहा है। साथ ही अन्य पहलू भी सामने आ रहे हैं। जिनको ध्यान में रखते हुए मामले की तफ्तीश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर परिजनों की तहरीर लेकर केस दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
Close