उत्तर प्रदेशलखनऊसमग्र समाचार

नो इण्ट्री के विरोध मे टैंकर चालको ने किया चक्का जाम

डीजल, पेट्रोल व एलपीजी सिलेण्डरों की नही हुई उठान
समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
लखनऊ। सरोजनीनगर के अमौसी स्थित पेट्रोलियम डिपो व इण्डेन गैस प्लांट में अनुबंधित टैंकर चालको ने नो-इण्ट्री की नई व्यवस्था से नाराज होकर चक्का जाम कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये। हड़ताल करने वाले यह टैंकर चालक पहले की तरह बिना रोक-टोक के शहर के अंदर आने जाने की मांग पर अड़े है। इन टैंकर चालको का आरोप है कि ट्राफिक पुलिस इतनी सख्ती बरत रही है कि 10-15 मिनट की भी मोहलत नही दे रही है। जिसके चलते आये दिन उनका 20 हजार रूपये का चालन कट रहा है।
उल्लेखनीय है कि जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर में सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर नो एंट्री कर दी है। इसमें रोडवेज, सिटी बसें, शव वाहन, एम्बुलेंस व टैक्सी को तो छूट दी गयी है, लेकिन आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई से जुड़े वाहनों पर भी रोक लगा दी है, जिसमें गैस सिलेण्डर, पेट्रोल, डीजल व खाद्य एवं रसद विभाग के कोटेदारों को राशन पहुंचाने वाले वाहन भी शामिल है। नो-एंट्री में वाहनों के आने पर बीस हजार रूपये का चालान किया जाता है। इससे आहत होकर बुधवार को एलपीजी व पेट्रोल-डीजल के ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने हड़ताल कर दी। अमौसी स्थित प्लांट से न तो पेट्रोल-डीजल के टैंकर निकले और न ही एलपीजी के ट्रक। जिसके चलते राजधानी के साथ ही प्रदेश के करीब दो दर्जन से अधिक जिलों में डीजल, पेट्रोल व गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति नही हो सकी।
इनसेट- नई व्यवस्था पर ही नही राजी हुए चालक
यातायात विभाग द्वारा बुधवार को नो-इण्ट्री को लेकर एक नया आदेश जारी किया गया। जिसके मुताबिक अब पेट्रोलियम पदार्थो को लाने ले जाने वाले वाहनों पर सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक व शाम को पांच बजे से रात 08 बजे तक इन वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। लेकिन ट्रांसपोर्टस एवं चालको ने यातायात विभाग के इस फैसले को भी मानने से इंकार कर दिया। ट्रांसपोर्टस एवं चालको का कहना है कि उन्हें बिना रोक-टोक के 24 घंटे आने-जाने की अनुमति दी जाए। यही नही ट्रांसपोर्टस एवं चालको का कहना है कि यह व्यवस्था न लागू होने तक वह हड़ताल पर रहेगे।
इनसेट- इन जिलों में नहीं हुई आपूर्ति
सरोजनीनगर में अमौसी स्थित पेट्रालियम डिपो से राजधानी समेत बाराबंकी, रायबरेली, हरदोई, सीतापुर, फैजाबाद, बलिया, सुल्तानपुर, इलाहाबाद, अमेठी सहित करीब दो दर्जन जिलों के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति होती है। बुधवार को ट्रांसपोटरों के चक्का जाम के चलते वाहन टर्मिनल गेट के पास खड़े रहे। अमौसी स्थित पेट्रोलियम डिपो एवं इण्डेन गैस प्लांट से तकरीबन 12 सौ वाहनों से आपूर्ति की जाती है।

Related Articles

Back to top button
Close