उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखनऊसमग्र समाचार

कोहरे के साथ चल रही शीतलहर ने गिराया तापमान, कारागार राज्य मंत्री ने वितरित किए कंबल

मिश्रिख में अधिवक्ताओं ने की अलाव की व्यवस्था
सीतापुर। सोमवार देर रात से रही शीतलहर से अचानक पारे में गिरावट आई। कोहरे के साथ चल रही शीतलहर से लोग अपने घरों से नही निकले। सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। मालूम हो कि बीते दो दिनो से घना कोहरा गिर रहा था। मंगलवार को कोहरे के साथ हवाएं भी चली। जिसके चलते तापमान में गिरावट आई। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। मिश्रिख संवाददाता के अनुसार तहसील प्रशासन द्वारा तहसील परिसर में आने वाले वादकारियों के लिए अभी तक अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं कराई जा सकी है। तहसील प्रशासन की अव्यवस्थाओं को देख अधिवक्ताओं व कवि विनीत तिवारी ने तहसील परिसर में अपने पास से अलाव जलाने की व्यवस्था कराई। अधिवक्ताओं और वादकारियों को अलाव तापने पर ठंड से कुछ राहत मिल सकी। उधर शासन के निर्देश के बाद भी तहसील परिसर में अलाव व्यवस्था न कराने के कारण नगरवासियों में आक्रोश व्याप्त है। अधिवक्ताओं ने एसडीएम से अलाव व्यवस्था कराने की मांग की है।

विधायक ने जरूरतमंदों को बांटे कम्बल
बिसवां/सीतापुर। शीतलहरी के प्रकोप के दृष्टिगत मंगलवार को उत्तर प्रदेश शासन की गाइडलाइन्स के अनुरूप तहसील बिसवां के विभिन्न ग्रामों के जरूरतमंद पात्र लोगों को तहसील प्रशासन की उपस्थिति में विधायक बिसवां द्वारा मानपुर में लगे शिविर में 250 पात्र लोगों को निःशुल्क कम्बल वितरण किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बिसवां, तहसीलदार बिसवां, नायब तहसीलदार बिसवां, थानाध्यक्ष मानपुर एवं राजस्व लेखपालगण उपस्थित रहे। लाभार्थियों में तहसील बिसवां के ग्राम मानपुर, परसेहरा, गोवर्धनपुर, भगवानपुर, बघईया, सलेमपुर, पुरवादसापुर, इटदहा-जमौरा, अम्बरपुर तथा कैमहराखुर्द आदि ग्रामों के लोग शामिल रहे। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बिसवां द्वारा शीतलहरी से बचाव के लिए जिलाधिकारी के निर्देश एवं तदनुसार सभी तहसील कार्मिकों को सतत रूप से भ्रमण, अलाव की उपलब्धता एवं जरूरतमंद को तत्काल राहत के लिए निर्देश भी दिए गए। तहसीलदार बिसवां द्वारा तहसील प्रशासन के तहत किये गए राहत बचाव कार्य से अवगत कराया गया।

कारागार राज्य मंत्री ने वितरित किए कंबल
हरगांव/सीतापुर। विकास खंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को कम्बल वितरण समारोह हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही द्वारा क्षेत्र के लगभग 250 लोगों को कंबल वितरित किए गए। इस अवसर पर राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा गरीबों के उत्थान के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं से हर वर्ग को फायदा हुआ है। हमारी सरकार का नारा है। सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास। मुख्यमंत्री जी ने ठंडक को देखते हुए गरीबों को कंबल बंटवाने की व्यवस्था की। कंबल वितरण भावनाओं से जुड़ी योजना है। कार्यक्रम में तहसीलदार सदर ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी, क्षेत्र के लेखपाल, भाजपा जिला मंत्री उदित बाजपेई, कमलेश वर्मा, अनुपम सिंह, अमित भार्गव सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रैन बसेरा न होने से लोग परेशान
बिसवां/सीतापुर। हवाओं से बड़ी सर्दी व कोहरे के कारण लोग परेशान हैं। ठंड से बचाव के लिए प्रशासनिक अलावा रैन बसेरा की कोई व्यवस्था कस्बे में नहीं है। जिस कारण लोग बस स्टैंड रेलवे स्टेशन व सार्वजनिक स्थलों पर रात में लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं। बाहर से आने वालों के लिए भी कोई रैन बसेरा नहीं खोला गया। इस समय रात का न्यूनतम तापमान गिरता जा रहा है। जिस कारण बहुत से लोग ठंड से ठिठुरते देखे जा सकते हैं। लेकिन प्रशासन न तो अलाव की व्यवस्था कर पा रहा है और न ही रैन बसेरा खुल रहा है।

Related Articles

Back to top button
Close