कुनाल हत्याकांड: दो गिरफ्तारी कर बंथरा पुलिस ने कर दिया खुलासा

राजधानी लखनऊ के बन्थरा क्षेत्र में हुए चर्चित कुनाल शुक्ला हत्याकांड की कई परतें अभी भी रहस्य बनी हुई हैं। निर्मम तरीके से की गई इस हत्या के मामले में अब तक पुलिस ने केवल दो आरोपियों – विवेक सिंह और वसीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और जानकारों का कहना है कि इस हत्याकांड में कई ऐसे सवाल हैं, जो अब तक रहस्य हैं।
हत्या की कहानी पर संदेह
मृतक कुनाल शुक्ला एक हष्ट-पुष्ट और बलशाली व्यक्ति थे। स्थानीय लोगों का मानना है कि केवल दो लोग मिलकर इतनी निर्मम हत्या को अंजाम नहीं दे सकते। यह बात लोगों को पुलिस की थ्योरी पर सवाल उठाने को मजबूर कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, हत्या को जिस तरह अंजाम दिया गया, उसमें अन्य लोगों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता।
मोबाइल फोन और सीसीटीवी डेटा बने रहस्य
पुलिस अब तक मृतक का मोबाइल फोन बरामद नहीं कर सकी है, जो पूरे मामले की एक अहम कड़ी हो सकती थी। वहीं, घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर की भी कोई फॉरेंसिक या तकनीकी जांच नहीं की गई है। इससे यह सवाल और भी गहराता है कि आखिर पुलिस ने जांच को अधूरा क्यों छोड़ा?
स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल
सूत्रों के अनुसार, जिस स्वास्तिक एसोसिएट ऑफिस में यह घटना हुई, वहाँ स्थानीय बन्थरा थाना की बीट पुलिस का आना-जाना आम बात थी। यहां तक कि कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा रात्रि विश्राम करने की भी चर्चा है। ऐसे में पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों और क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच या उच्च स्तरीय एजेंसी से कराई जाए, तो हत्याकांड की सच्चाई सामने आ सकती है। वर्तमान में की गई गिरफ्तारी को लेकर कई लोग दिग्भ्रमित हैं और इसे हत्या के असल कारणों से ध्यान भटकाने वाला कदम मानते हैं।
समाज में बना हुआ है असमंजस
घटना के कई दिनों बाद भी जब मृतक का मोबाइल फोन नहीं मिला, तो यह मामला एक पहेली बनकर रह गया है। लोगों के बीच यह प्रश्न लगातार उठ रहा है – “क्या विवेचक मोबाइल फोन को खोज पाएंगे?” यह सवाल अब एक यक्ष प्रश्न बनकर चर्चा का विषय बना है




