अज्ञात वाहन ने पुलिस की जीप में मारी टक्कर, एसआई की मौत, तीन आरक्षी घायल

सीतापुर। अटरिया थाना क्षेत्र में सीतापुर-लखनऊ हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से पुलिस जीप में सवार एसआइ की मौत हो गई। जीप में सवार तीन आरक्षी घायल हो गए। गंभीर हालत में सभी को हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पर एसपी घुले सुशील चंद्रभान, एएसपी एनपी सिंह, सीओ सिधौली व अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अटरिया थाने में तैनात एसआइ सफीक अहमद, आरक्षी पवन कुमार, सतेंद्र सिंह व अनुज त्रिपाठी के साथ थाने की पुलिस गाड़ी में सवार हो सीतापुर-लखनऊ हाईवे पर गश्त पर निकले थे। सुबह करीब पांच बजे हाईवे पर टिकौली मोड़ पर अज्ञात वाहन ने पुलिस जीप में पीछे से टक्कर मार दी।
वाहन की टक्कर से पुलिस जीप सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में एसआइ सफीक व सभी आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में हिन्द अस्पताल लाया गया, जहां दारोगा सफीक अहमद की मौत हो गई। आरक्षी पवन कुमार व अनुज त्रिपाठी हिंद अस्पताल में उपचाराधीन है। वहीं, आरक्षी सतेंद्र सिंह को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी हिंद अस्पताल पहुंचे। घायलों का हाल-खबर जानी। आइजी लक्ष्मी सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। बेहतर इलाज के निर्देश दिए। सीओ सिधौली यादुवेंद्र ने बताया कि टिकौली मोड़ पर हुए हादसे में इस एसआइ की मौत हुई है। तीन आरक्षी घायल हैं, जिनका उपचार हो रहा है।




