डीएम को पत्र देकर फसल मुआवजा की मांग की

रामपुर मथुरा/सीतापुर। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश व घाघरा शारदा नदियों का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में भीषण बाढ़ आई थी। जिससे रामपुर मथुरा, रेउसा, लहरपुर, तंबौर समेत विभिन्न स्थानों पर बाढ़ से गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। भारी बरसात व बाढ़ की विभीषिका से किसानों की फसल बर्बाद हो गई। जिससे किसान काफी परेशान हैं। कुछ किसान खाद, बीज उधारी पर ली थी तो कुछ किसानों ने ब्याज पर रुपए लेकर धान की फसल रोपी थी। वहीं कुछ भूमिहीन किसान धान रोपने के लिए खेत बटाई पर लिया था लेकिन बेमौसम बरसात और बाढ़ की विभीषिका से धान की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। किसानों के अरमान पानी में डूब गए।
फसल बर्बाद होने के बाद किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें है कि जो भी लागत लगाई गई है वह भी मिलना मुश्किल है। किसानों की समस्याओं को देखते हुए सिख समाज, किसान मोर्चा भाजपा के जिलाध्यक्ष सतनाम सिंह व अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में एक बैठक की। जिसमें किसानों के हित में फसल का मुआवजा दिलाए जाने की बात पर चर्चा की गई। तत्पश्चात जिला अधिकारी को पत्र देते हुए मांग किया है कि बाढ़ व बरसात से बर्बाद हुई किसानों की फसलों का अविलंब सर्वे कराकर उचित फसल मुआवजा दिलाया जाए। जिससे किसानों को कुछ सहायता मिल सके। इस दौरान अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, किसान मोर्चा भाजपा के जिलाध्यक्ष सतनाम सिंह व सिख समाज के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




