नवागंतुक डीसीपी का सोशल पुलिसिंग पर फोकस, जनता से संवाद बढ़ाने के मातहतो को दिये निर्देश
नवागंतुक डीसीपी अमित कुमार आनंद ने दक्षिणी जोन पुलिस कार्यालय पर एडीसीपी की मौजूदगी में सभी एसीपी व थाना प्रभारियो के साथ बैठक
समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
मोहनलालगंज। नवागंतुक पुलिस उपायुक्त अमित कुमार आनंद ने दक्षिणी जोन का कार्यभार संभालने के बाद कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सोशल पुलिसिंग को भी प्राथमिकता देने के स्पष्ट संकेत दिए हैं।गुरूवार को दक्षिणी जोन कार्यालय पर एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार की मौजूदगी में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी एसीपी व थाना प्रभारियों को न सिर्फ अपराध नियंत्रण के निर्देश दिए, बल्कि जनता के साथ संवाद और भरोसा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
डीसीपी अमित कुमार आनंद ने अधिकारियों से कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की पहली जिम्मेदारी जनता की समस्याओं को सुनना और उनका मौके पर जाकर त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि सोशल पुलिसिंग के तहत आम नागरिकों के साथ बेहतर तालमेल बनाना ही अपराध नियंत्रण का सबसे प्रभावी तरीका है।बैठक में उन्होंने मारपीट जैसे मामलों में धारा 107/116 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने,चोरी व लूट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र के चौराहों व कस्बों में नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाने और रात्रि में पैदल गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया।
डीसीपी ने कहा कि पुलिस को सिर्फ अपराध होने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपराध की रोकथाम के लिए जनता के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाना और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी जरूरी है। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए।बैठक में यह भी तय किया गया कि क्षेत्र में बीट पुलिसिंग को मजबूत करते हुए स्थानीय लोगों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग का माहौल बने।नवागंतुक डीसीपी के इस रुख से साफ है कि दक्षिणी जोन में अब पुलिसिंग का फोकस सिर्फ सख्ती पर नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, संवाद और सहभागिता के जरिए सुरक्षित समाज बनाने पर रहेगा।बैठक में एसीपी मोहनलालगंज विकास कुमार पांडे,एसीपी गोसाईगंज रिषभ यादव,एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा समेत सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।




