उत्तर प्रदेशवाराणसी

भाजपा नेता ने खाया जहर, पूर्व सांसद धनंजय सिंह और पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप

जौनपुर में भाजपा किसान मोर्चा के नेता भोपाल सिंह ने शनिवार को जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। अस्पताल में भर्ती भाजपा नेता की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। उन्होंने पूर्व सांसद और पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

हालत बिगड़ने पर लोगों ने उन्हें निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। भूपाल सिंह ने आरोप लगाया कि बक्शा पुलिस ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह के इशारे पर मुकदमा दर्ज किया है और घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ की है। उधर, मामले की जानकारी होने पर एडिशनल एसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह, सीओ सदर संत प्रसाद उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह व पार्टी पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे।

अपने ऊपर लगे आरोप पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कोई किसी पर कुछ भी अनर्गल आरोप लगा सकता है। कोई आरोप लगा दे तो उस पर घूम-घूम कर सफाई दी जाए, यह संभव नहीं है।

एडिशनल एसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा नेता का उपचार चल रहा है। भाजपा नेता के आरोपों की जांच के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा। जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में फिलहाल बक्शा थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
Close